खेत में चल रही थी अवैध शराब बनाने की गतिविधि
सफीदों : सीआईए स्टाफ सफीदों की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 180 लीटर लाहण सहित एक आरोपी को काबू किया है। टीम गश्त के दौरान HP गैस एजेंसी रोड के पास मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मलकीत नामक व्यक्ति अपने खेत में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति नीले प्लास्टिक ड्रम के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मलकीत निवासी सफीदों के रूप में बताई। तलाशी लेने पर ड्रम से कच्ची शराब की तीव्र गंध आई और माप करने पर उसमें 180 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर सफीदों में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












