मुखबिर की सूचना पर डुमरखा कलां बस अड्डे के पास दबिश
जींद : सीआईए स्टाफ जींद ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा था, जिसे पुलिस ने समय रहते काबू कर लिया। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि उनकी टीम मुखी सिपाही मोहित के नेतृत्व में गश्त पर थी। इसी दौरान डुमरखा कलां बस अड्डा के पास एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्य उर्फ लक्खा निवासी मोर पट्टी, नरवाना अवैध हथियार के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेडिंग पार्टी बनाकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्तौल .32 बोर व मैगजीन से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार का कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने हथियार व कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना सदर नरवाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।












