रोजगार के अवसर खत्म होने का आरोप, युवाओं में बढ़ रही बेरोजगारी और निराशा
चंडीगढ़ : इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार पर युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ‘‘आईटी सक्षम युवा योजना’’ को बंद कर सरकार ने प्रदेश के युवाओं से रोजगार का एक बड़ा अवसर छीन लिया है। उन्होंने बताया कि 2024 विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने इस योजना के तहत 60 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार देने की घोषणा की थी और इसके लिए 40 करोड़ रुपये का बजट भी तय किया गया था। लेकिन सत्ता में आने के 21 महीने बाद ही इस योजना को बंद कर दिया गया। अभय चौटाला ने कहा कि बीजेपी चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन बाद में उन्हें पूरा नहीं करती। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा पहले से ही बेरोजगारी की मार झेल रहा है और अब इस योजना के बंद होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने चिंता जताई कि रोजगार न मिलने के कारण युवा नशे और अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए खतरे की घंटी है।












