पूरा देश भले ही दिवाली महोत्सव के जश्न में डूबा हो लेकिन भारतीय सेना हमेशा ऑन ड्यूटी रहती है। ये नजारे हैं जम्मू कश्मीर के पुंछ से जो 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां लगातार भारी बर्फबारी हो रही है। भारतीय सेना के जवान चौबीसों घंटे देश की सुरक्षा के लिए तैनात हैं। ऐसी जगह जहां दूर-दूर तक चारों तरफ सिर्फ बर्फ का पहरा है, जहां नजरें दौड़ाने पर सिवाए बर्फ और पहाड़ों के और कुछ भी नहीं है। ऐसी बर्फबारी के बीच हमारे भारतीय सेना के जवान गश्त लगा रहे हैं। इस रूह कंपा देने वाली भीषण ठण्ड के बीच भी देश की सुरक्षा में तैनात ये जवान पूरी तरह से गर्व और अदम्य साहस से भरे हुए हैं। सेना के जवान नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की चौकियों के सामने गश्त कर दिवाली पर देश की कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। भारतीय सेना ने 10 हजार फीट की ऊंचाई पर आखिरी पोस्ट से सभी भारतीयों को दीपावली की शुभकामनाएं भेजीं।