आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में एक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय संदीप निवासी जामनी के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस मामले में मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत के पीछे कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। इसी आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108/3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के भाई रामनिवास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि संदीप शादीशुदा था और उसका अपनी पत्नी के साथ तलाक का मामला चल रहा था। बुधवार को उसे उसके व्हाट्सएप पर संदीप द्वारा भेजा गया चार पन्नों का एक पत्र मिला। जब उसने उस पत्र को पढ़ा, तो उसमें संदीप ने अपनी परेशानियों और आत्महत्या करने की बात लिखी थी। जिस वक्त यह मैसेज आया, उस वह गुरूकुल कालवा में मौजूद था। जब उसने तुरंत अपने भाई को फोन मिलाने की कोशिश की तो संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह अपने एक साथी के साथ जल्दबाजी में घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि संदीप की हालत बेहद गंभीर थी और वह उल्टियां कर रहा था। रामनिवास ने कहा कि संदीप ने उसे बताया कि वह दोनों आरोपियों से मानसिक रूप से काफी परेशान था, जिसके चलते उसने सल्फास (जहर) की गोली खा ली। इस दौरान उसने अपनी जेब से सुसाइड नोट निकालकर अपने भाई को दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाने की बात कही। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए पानीपत के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई। सिटी एसएचओ रामकुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट को अहम साक्ष्य मानते हुए पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।












