रेलवे स्लीपरों में लगी भीषण आग
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के वार्ड नंबर 11 स्थित रेलवे क्वार्टर के पास मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक साल की लकड़ी के स्लीपरों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद करीब दो घंटे तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया। इस दौरान रेलवे विभाग के अधिकारी और स्थानीय लोग लगातार दमकल विभाग पर संपर्क करते रहे, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल बन गया। उन्हें आशंका थी कि आग उनके मकानों और उपलों तक भी पहुंच सकती है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने खुद ही मोर्चा संभालते हुए ट्रैक्टर पर मोटर लगाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार राजेश गर्ग, सिटी थाना प्रभारी रामकुमार, रेलवे विभाग से धीरज शर्मा सहित अनेक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों ने बताया कि यह स्लीपर रेलवे लाइन से निकालकर क्वार्टर के पास एकत्रित किए गए थे। अचानक आग लगने से लकड़ी के ये स्लीपर पूरी तरह जल गए, जिससे रेलवे विभाग को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। रेलवे अधिकारियों ने साफ कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि अगर यह आग किसी फैक्ट्री या रिहायशी इलाके में पहुंच जाती तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। करीब दो घंटे की देरी के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।












