गुप्त सूचना पर रेवर रोड के पास की गई कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जींद : थाना गढ़ी पुलिस ने 5.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मोटरसाइकिल समेत काबू किया है। आरोपितों की पहचान हरवंस उर्फ अमना तथा विक्रमजीत उर्फ विक्की निवासी गांव बकराह (पटियाला) के रूप में हुई है। थाना गढ़ी प्रभारी पीएसआई मनोज कुमार ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक मीना देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव गढ़ी बस अड्डा के पास अपराध रोकथाम के तहत गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर गांव पिपलथा से रेवर रोड की तरफ चिट्टा बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर रेड की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर आरोपी विक्रमजीत उर्फ विक्की के कब्जे से काले रंग के मोमी लिफाफे में 5.17 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बरामद चिट्टा को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना गढ़ी में 21B/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।












