6 दिन के रिमांड पर लेकर नेटवर्क की पड़ताल शुरू
नरवाना : 276 किलोग्राम चूरापोस्त बरामदगी मामले में फरार चल रहे मुख्य नशा तस्कर को सीआईए नरवाना ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपने खेत में लोहे का तहखाना बनाकर उसमें भारी मात्रा में चूरापोस्त छिपा रखा था, जिसे ऊपर से पराली व गोबर डालकर पूरी तरह से ढक दिया गया था। जानकारी के अनुसार, सीआईए प्रभारी एसआई सुखदेव सिंह की टीम ने जनवरी माह में गांव डूमरखां में छापेमारी कर 276 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया था। इस दौरान एक आरोपी सुमित निवासी डूमरखां को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी मनीष पुत्र बलबीर मौके से फरार हो गया था। सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि फरार आरोपी मनीष हाल ही में कैथल में एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में पेशी पर अदालत गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसके बाद 2 मई 2026 को उसे प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर नरवाना अदालत परिसर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।












