कोहरे के चलते फ्लाइट लेट मामले को लेकर DGCA ने बुधवार को एक्शन लिया। (फाइल फोटो)
खराब मौसम के चलते फ्लाइट लेट होने को लेकर DGCA ने बुधवार (17 जनवरी) को एक्शन लिया। DGCA ने स्पाइसजेट और एअर इंडिया पर ट्रेंड पायलट की ड्यूटी लगाने में लापरवाही बरतने को लेकर 30-30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।
दरअसल, कोहरे के कारण 25 से 28 दिसंबर 2023 के बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 60 फ्लाइट्स लेट हुईं। इसमें सबसे ज्यादा एअर इंडिया और स्पाइसजेट की फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। इसे लेकर जब DGCA ने जांच की तो पता चला कि दोनों एयरलाइंस ने ट्रेंड पायलट की ड्यूटी उस समय नहीं लगाई, जब दिल्ली में कोहरा छाया हुआ था।
DGCA के अधिकारी ने बुधवार को कहा- दिसंबर 2023 में फ्लाइट्स के लेट, कैंसिल और डायवर्ट होने के डेटा का एनालिसिस किया गया। इसमें पता चला कि एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने CAT 3 की ट्रेनिंग ले चुके पायलट को ड्यूटी पर नहीं लगाया गया था। विमानों को उड़ाने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई, जिन्हें खराब मौसम में फ्लाइट उड़ाने की ट्रेनिंग नहीं थी। इस कारण फ्लाइट्स लेट और डायवर्ट हुई।
क्या होता है CAT-3 ?
- CAT-3 एक नेविगेशन सिस्टम है, जो विजिबिलिटी कम होने पर पायलट को रनवे की पोजिशन बताता है।
- CAT-3 रेडियो वेव और हाई इंटेंसिटी लाइट की मदद से रनवे का अनुमान लगाता है।
- दिल्ली एयरपोर्ट पर 4 रनवे हैं। इनमें से 2 रनवे पर ही CAT-3 नेविगेशन सिस्टम ऑपरेशनल है।
- इन रनवे पर CAT-3 की ट्रेनिंग ले चुके पायलट ही फ्लाइट ऑपरेट कर सकते हैं।
- CAT-3 टेकऑफ के समय पायलट को बताता है कि फ्लाइट को किस एंगल पर कब एलिवेट करना है।
- लैंडिंग में फ्लाइट को किस एंगल पर कब नीचे लेना है, यह भी पायलट को CAT-3 ही बताता है।
- शरद पवार बोले- रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या आऊंगा: चंपत राय को लेटर लिखा- न्योता मिला, इसके लिए मैं आभारी; लालू यादव भी नहीं जाएंगे
DGCA ने इंडिगो पर लगाया 1.20 करोड़ का जुर्माना
इंडिगो की गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2195 के पैसेंजर्स ने रविवार (14 जनवरी) को मुंबई एयरपोर्ट के टरमैक पर बैठकर डिनर किया था। इस मामले में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने बुधवार को इंडिगो पर 1.20 करोड़ रुपए जुर्माना लगाया है। वहीं, मुंबई एयरपोर्ट ऑपरेट करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) पर 60 लाख रुपए जुर्माना लगाया है।

14 जनवरी को गोवा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 12 घंटे लेट होने के बाद मुंबई डायवर्ट कर दी गई। इससे नाराज पैसेंजर्स एयक्राफ्ट पार्किंग में बैठकर खाना खाने लगे।
दरअसल, रविवार को गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट पहले तो 12 घंटे की देरी से उड़ी। फिर दिल्ली जाने की बजाय फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया था। बताया गया कि सुबह 10:45 बजे की फ्लाइट रात को 10:06 बजे गोवा एयरपोर्ट से उड़ी।
घने कोहरे के चलते विमान एक घंटे बाद रात करीब 11:10 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा था। इंडिगो एयरलाइंस के मुताबिक, पैसेंजर्स को मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने को कहा गया, इससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। पैसेंजर्स ने टर्मिनल बिल्डिंग की ओर जाने से इनकार कर दिया और विमान से उतरकर एयरक्राफ्ट पार्किंग (टरमैक) में ही बैठे और डिनर करने लगे। इस घटना का वीडियो वायरल हो तो यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।
DGCA की SOP- दिल्ली एयरपोर्ट पर बनेंगे 3 नए वॉर रूम
कोहरे के कारण उड़ानों में हो रही देरी को लेकर सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने मंगलवार को नई स्टैंडर्ड ऑपरेशन प्रोटोकॉल (SOP) जारी की। इसके तहत दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता मेट्रो एयरपोर्ट्स पर पैसेंजर्स की सुविधा के लिए वॉर रूम बनाए जाएंगे।
इसके अलावा किसी भी फ्लाइट के लेट होने की स्थिति में दिनभर में एयरलाइंस कंपनी को तीन बार रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही CISF की चौबीस घंटे मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। सिविल एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के रनवे 29L को भी शुरू किया जाएगा।
यह खबर भी पढ़ें…
पायलट को थप्पड़ मारने के मामले में नया दावा: फ्लाइट में मौजूद पैसेंजर बोला- बुजुर्गों को इग्नोर कर रहे थे क्रू मेंबर्स, घंटों भूखा-प्यासा रखा

इंडिगो फ्लाइट में पायलट को थप्पड़ मारने के मामले में नए दावे किए जा रहे हैं। इस फ्लाइट में सफर कर रहे एक अन्य पैसेंजर ने घटना के पीछे एयरलाइंस को जिम्मेदार ठहराया। यात्री सनल विज ने आरोप लगाया कि पैसेंजर की गलती बताकर इंडिगो अपने कुप्रबंधन और गलतियों को छिपा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…