सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने की। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. जयविंद्र शास्त्री ने शिरकत की। सेमिनार में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। जिसका मुख्य वक्ता डा. जयविंद्र शास्त्री ने जवाब दिया। अपने संबोधन में डॉ. शास्त्री ने बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थी पढ़ाई, प्रतियोगिता और सामाजिक अपेक्षाओं के दबाव में आकर मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। कई बार यही दबाव गंभीर रूप ले लेता है और बच्चे आत्महत्या जैसे कदम उठा लेते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से बचने के लिए सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, संवाद और योग-ध्यान जैसे उपाय अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने कहा कि युवावस्था में भावनात्मक उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें सही दिशा में नियंत्रित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बिना अनावश्यक दबाव के अपने लक्ष्य निर्धारित करने, अभिभावकों व शिक्षकों से खुलकर संवाद करने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।












