हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में ऑस्ट्रेलिया से लौटी युवती ने गांव बचगांवा के युवक से शादी रचाकर 57 लाख रुपए हड़प लिए। इतना ही नहीं, युवक के परिजनों द्वारा शादी में शगुन के तौर पर दिए 10 तोले सोने व चांदी के जेवरात भी वापस नहीं लौटाए।
शादी से पहले युवती ने युवक को ऑस्ट्रेलिया बुलाने की बात कही थी, लेकिन शादी के करीब साढ़े 3 साल बाद युवती मुकर गई। युवक की शिकायत पर KUK थाना पुलिस ने आरोपी युवती, उसकी मां और मामा-मामी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वर्ष 2018 में इंग्लैंड से भारत लौटा था युवक
गांव बचगांवा निवासी सुनील कुमार 9 वर्ष बाद 2018 में इंग्लैंड वापस भारत आया था। सुनील कुमार ने इंग्लैंड से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। बताया कि जुलाई 2018 में कुरुक्षेत्र के गांधी नगर निवासी रजनी ऑस्ट्रेलिया गई थी। इस बीच रजनी की मां सावित्री देवी और मामी गीता उसके घर आई और बोला कि उसकी बेटी रजनी ऑस्ट्रेलिया गई हुई है। वे उसके साथ रिश्ता करना चाहते हैं।
शादी के एक माह बाद वापस ऑस्ट्रेलिया चली गई पत्नी
सुनील कुमार ने बताया कि रजनी की मां और उनके रिश्तेदारों ने कहा था कि रजनी शादी के बाद उसे ऑस्ट्रेलिया बुला लेगी। वे उनकी बातों में फंस गए और दोनों का रिश्ता तय हो गया। एक षडयंत्र के तहत रजनी नवंबर 2018 में भारत आई और 2 दिसंबर 2018 को शादी रचाई। शादी में उन्होंने रजनी को 10 तोले सोने व चांदी के जेवरात शगुन के तौर पर चढ़ाए थे। शादी के एक माह बाद जनवरी 2019 में रजनी दोबारा ऑस्ट्रेलिया चली गई।
पढ़ाई के लिए मांगा खर्च, दिए 57 लाख रुपए
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी रजनी ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में M.TECH करना चाहती है, लेकिन उसके परिजनों के पास इतने रुपए नहीं हैं। इसके बाद उसने रजनी की रहना, खाना और पढ़ाई पर 57 लाख रुपए खर्च किया।
वीजा की फाइल लगाई तो पत्नी ने नहीं बुलाया
सुनील कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में उसने ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट वीजा की फाइल लगाई थी, लेकिन कोविड के चलते वीजा नहीं लग सका। फरवरी 2022 में दोबारा फाइल लगाई। इस दौरान उसकी पत्नी रजनी ने कहा कि फाइल लगाने के लिए वकील को 3 हजार डॉलर फीस तथा 2 खाली स्टांप पेपर पर साइन करके भेजने पड़ेंगे। उसने रजनी के पास 3 हजार डॉलर भेज दिए, लेकिन रजनी ने फाइल को जानबूझकर वापस ले लिया। पूछा तो ऑस्ट्रेलिया बुलाने से मुकर गई।
अब जान से मारने की दे रहे धमकी
शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने बताया कि वे रजनी की मां और उसके मामा-मामी से बात करने गए थे। यहां उन्होंने कोई भी रिश्ता न होने की बात कहकर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, रजनी के मामा ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रजनी, उसकी मां सावित्री देवी, रजनी का मामा सतीश वर्मा व उसकी पत्नी गीता के खिलाफ धारा 406 व 420 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






