गुप्त सूचना के आधार पर बरामद हुआ चोरीशुदा सामान
जींद : थाना अलेवा पुलिस ने गैस सिलेंडर व मोबाइल फोन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना अलेवा के प्रभारी उप निरीक्षक आत्माराम ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता नरेश निवासी बिघाना ने शिकायत दी थी कि उसके मकान से देर रात एक गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन व अन्य जरूरी सामान चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर थाना अलेवा में धारा 303 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी जांच व गुप्त सूचना के आधार पर 3 मई 2026 को आरोपी राजवीर व हर्ष निवासी रामपुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा गैस सिलेंडर व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।












