हैफेड ने खरीद करने किया मना तो भड़के आढ़ती

11
मंडी की तालाबंदी करके खड़े आढ़ती व किसान
मंडी की तालाबंदी करके खड़े आढ़ती व किसान

आढ़तियों ने मंडी गेट पर ताला लगा किया प्रदर्शन

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : खरीद एजेंसी हैफेड द्वारा गेहूं खरीद में आनाकानी करने के विरोध में शुक्रवार को नई अनाज मंडी में आढ़तियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित आढ़तियों ने मंडी प्रधान गणेशी लाल गर्ग की अगुवाई में मंडी का मुख्य गेट बंद करके प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गेट पर तालाबंदी के कारण मंडी में व्हीकलों का आवागमन बंद हो गया। तालाबंदी की सूचना पाकर मार्किट कमेटी सचिव अनिल शर्मा व हैफेड़ मैनेजर बीरमति मौके पर पहुंची और आढ़तियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। कच्चा आढ़ती संघ के प्रधान गणेशी लाल गर्ग और अन्य आढ़तियों ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को हैफेड द्वारा गेहूं की खरीद की जानी है, लेकिन सुबह दोबारा सूचना दी गई कि केवल 100 क्विंटल गेहूं की ही बिडिंग होगी। इस पर आढ़तियों ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि यदि इसी तरह सीमित बिडिंग होती रही तो मंडी में पड़ा गेहूं लंबे समय तक सड़ता रहेगा। आढ़तियों ने सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर खरीद एजेंसियों द्वारा बिडिंग लिमिट लगाकर किसानों और आढ़तियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम की चेतावनी का हवाला देते हुए कहा कि यदि बारिश होती है तो खराब होने वाले गेहूं की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने बताया कि बिडिंग के बाद ही बारदाना मिलता है, फिर तुलाई और उठान के बाद गोदाम में गेहूं पहुंचने पर ही किसानों के खातों में भुगतान होता है। मौजूदा स्थिति में अभी तक किसी भी किसान को भुगतान नहीं मिल पाया है, जिससे किसानों में भी चिंता बढ़ रही है। गेट पर तालाबंदी की सूचना मिलने पर मार्किट कमेटी सचिव अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे और आढ़तियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या आलाधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द ही बिडिंग शुरू करवाई जाएगी। इस दौरान हैफेड मैनेजर बीरमति भी मौके पर पहुंची तो उन्होंने भी आढ़तियों को बिडिंग जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आढ़तियों ने गेट का ताला खोल दिया।

आढ़तियों के द्वारा की गई मंडी की तालाबंदी
आढ़तियों के द्वारा की गई मंडी की तालाबंदी

बाक्स:

क्या कहते हैं मार्किट कमेटी सचिव

इस मामले में मार्किट सचिव अनिल शर्मा ने ने बताया कि मंडी में अब तक लगभग 20 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से करीब 13 लाख क्विंटल की बिडिंग हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उठान के लिए 74 गाड़ियां लगी हुई हैं, लेकिन गोदामों में जगह निर्धारित न होने के कारण दिक्कत आ रही है। इस वजह से प्रतिदिन केवल 30 से 40 गाड़ियों का ही उठान हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत की जा रही है और जल्द ही उठान प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी, ताकि समय पर गेहूं का उठान सुनिश्चित हो सके।