3 और फैक्ट्रियां भी चपेट में, कई जिलों की गाड़ियां बुझाने में जुटी; एक कार जलकर खाक
सोनीपत जिले के कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह 4 बजे एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की 4 अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भयानक थी कि आसमान में दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही सोनीपत के साथ-साथ आसपास के कई जिलों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे।
वहीं कुंडली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसे लेकर जांच की जाएगी।
कूलर-पंखे बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्टरी नंबर 56, जहां कूलर, पंखे और जूसर-मिक्सर बनाने का काम होता है, में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।









