हरियाणा के भिवानी में पुलिस कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लामबंद हैं, जिसके लिए पिछले दिनों हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया और ट्विटर अभियान के तहत अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए कैंपेन चलाया था। वहीं, नवीन जयहिंद भी काफी समय से हरियाणा पुलिस की मांगों को उठाते रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को नवीन जयहिंद कर्मचारियों के समर्थन में भिवानी लघु सचिवालय भी पहुंचे।
नवीन जयहिंद ने हरियाणा पुलिस की मांगों और उनकी समस्याओं की ओर ध्यान दिलाते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस विभाग में हजारों की संख्या में पद खाली पड़े हैं। एक पुलिस कर्मचारी को दो-दो पुलिस कर्मचारियों का काम करना पड़ रहा है, जिसके कारण उन्हें मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
![सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मी।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2023/09/14/79c65ce8-4ac5-444d-bef5-49bd828dfb2b_1694691859401.jpg)
सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मी।
पुलिस कर्मियों के मानवाधिकारों का हो रहा हनन
जयहिंद ने हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों की ड्यूटी 8 घंटे करने बारे में कहा कि पुलिस का भी अपना घर परिवार है और हरियाणा पुलिस कर्मचारी भी इंसान हैं, जबकि उनसे 24 घंटे ड्यूटी लेकर उनके मानवाधिकारों का हनन किया जा रहा है। सुविधाओं के नाम पर सिर्फ एक चौकी होती है, जिसमें न तो पीने के पानी की व्यवस्था और न ही टॉयलेट की व्यवस्था सरकार देती है।
अगर एक कर्मचारी को विभाग या सरकार के काम की वजह से कहीं जाना पड़ा जाए तो वो अपनी जेब से पैसे खर्च करके जाते हैं। जयहिंद ने प्रदेश के डीजीपी से अपील करते हुए कहा कि पुलिस उनका परिवार है और परिवार के सदस्यों का ख्याल रखना मुखिया की जिम्मेदारी होती है।
रोहनात भी पहुंचे नवीन जयहिंद
अब जब वे हरियाणा पुलिस विभाग की कमान संभाल चुके हैं तो वे जल्द से जल्द हरियाणा पुलिस, होमगार्ड और एसपीओ विभाग के सभी कर्मचारियों की मांगों को पूरा करें। नवीन जयहिंद शहीद के गांव रोहनात में भी पहुंचे और सिस्टम के भ्रष्टाचार से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले वेदप्रकाश के परिवार से भी मिले और सांत्वना प्रकट की।
.