केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर बाद करीब 4 बजे सिरसा पहुंचेंगे।
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के ‘मिशन 2024’ के तहत भाजपा आज हरियाणा में चुनावी बिगुल फूंक रही है। यहां सिरसा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली को संबोधित करेंगे। शाम करीब 4 बजे वह यहां पहुंचेंगे।
सिरसा पहुंचने पर अमित शाह पहले ऐतिहासिक गुरुद्वारा चिल्ला साहिब के प्रमुख सेवादार बाबा अजीत सिंह का देहांत होने के कारण शोक प्रकट करने जाएंगे। सिरसा की सिख संगत में गुरुद्वारा चिल्ला साहिब का विशेष प्रभाव है। इसके बाद वे रैली स्थल को संबोधित करेंगे।
जानिए..इस रैली के क्या मायने?
भाजपा ने अपने पहले सर्वे में पूरे देश में 50 ऐसी लोकसभा सीटें छांटी थी, जिसमें वे कमजोर हो रहे हैं। इसमें हरियाणा की 2 सीटें सिरसा और रोहतक थी। इसीलिए भाजपा सिरसा से इसकी शुरुआत कर रही है। दूसरा सिरसा चौटाला परिवार का गढ़ रह चुका है। भाजपा की केवल एक ही सांसद है। कोई विधायक नहीं है। इसलिए भाजपा चौटाला परिवार के गढ़ में इनेलो के साथ साथ जजपा को भी संदेश देना चाहती है। जजपा इस समय हरियाणा में गठबंधन की सहयोगी है।
किसानों ने गांवों में की है विरोध की घोषणा
रैली को लेकर गांवों में 11 बजे किसान अमित शाह के पुतले फूंकेंगे। साथ ही घरों पर काले झंडे लगाएंगे। सरपंचों ने भी उनके विरोध की घोषणा की हुई है। रैली के विरोध को देखते हुए सिरसा पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर में चप्पे- चप्पे पर पुलिस तैनात है। रैली स्थल पर कोई भी व्यक्ति काले रंग की वस्तु नहीं ले जा सकता। प्रशासन ने रैली स्थल पर 7 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हुए है।

सिरसा में रैली स्थल।
130 प्रदर्शनकारियों को भेजे नोटिस
रैली से पहले पुलिस प्रशासन ने 130 प्रदर्शनकारियों को नोटिस भेजे हैं। पुलिस को कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था भंग होने का अंदेशा था। इसलिए पुलिस ने उन्हें एसडीएम कोर्ट के माध्यम से नोटिस भेजे। परंतु प्रदर्शनकारी ने कोर्ट में जमानत करवाने से मना कर दिया। इससे रैली के दिन पुलिस इन लोगों पर कड़ी नजर रखेगी।