कॉलेज में ब्लैकमेल कांड: असिस्टेंट प्रोफेसर से मारपीट, तीन छात्रों पर केस दर्ज

5

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के जींद रोड स्थित राजकीय पीजी कॉलेज सफीदों में एक असिस्टेंट प्रोफेसर की एक छात्रा के साथ तीन स्टूडेंट द्वारा वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इसमें आउटसाइड आशिक युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर असिस्टेंट प्रोफेसर से एक लाख रुपए भी ऐंठ लिए। इस मामले में सफीदों थाना शहर पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप की शिकायत पर छात्रा समेत और तीन युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जींद के सेक्टर 26 निवासी असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप सिंह ने सफीदों शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह राजकीय कालेज सफीदों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में नियुक्त है और भुगोल पढ़ाता है। कालेज की एक छात्रा से एक लड़का मिलने आता था, जोकि कालेज का नहीं था। असिस्टेंट प्रोफेसर ने उक्त युवक को उन कई बार क्लास रूम में संदिग्ध अवस्था में देखा। एक दिन उक्त छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप को पेपर में पास करने और नम्बर लगाने की बात कहने लगी। संदीप के अनुसार उसने लड़की को कहा कि पढाई करो, नम्बर सिफारिश से नहीं पढ़ने से आते हैं। उसके बाद छात्रा ने कई बार असिस्टेंट प्रोफेसर की गाडी में बैठने की कोशिश की लेकिन वह इग्नोर करता रहा। असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप के अनुसार लगभग 10 दिन पहले वह कालेज से अपनी ससुराल सफीदों खंड के गांव टीटोखेड़ी में जाने के लिए निकला था। कालेज के गेट पर वही छात्रा खड़ी मिली, जिसने हाथ देकर उनकी गाडी रुकवाई और कहा कि सर बस स्टेंड पर जाना है। उसने लड़की को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। जब वह महात्मा गांधी रोड़ पर पहुंचा तो, एक मोटरसाईकिल पर सवार तीन लड़कों ने उसकी गाड़ी के आगे मोटरसाईकिल खड़ी कर दी और दो लड़के जबरदस्ती उसकी गाड़ी में बैठ गए। उन लड़कों में से एक लड़का अजय था, जो उक्त लड़की से मिलने के लिए कालेज आता था। जब उसने उनका विरोध किया तो उन्होंने उसको कहा चुपचाप चलो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। अजय व एक लड़का गाडी में बैठ गए और तीसरा लड़का अपनी मोटरसाईकिल पर गाड़ी के साथ-साथ चलता रहा। उसके बाद वह उसे पानीपत रोड़ पर बुटाना ब्रांच नहर पुल के पास ले गए। जहां पर एक लड़के ने उसे साथ मारपीट की और उसके बाद उसने अपने फोन में विडियो बना ली। उससे जबरदस्ती धमकाकर कहलवाया गया कि इस छात्रा को वह लेकर आया है। उसके बाद अजय व उसके दोनों साथियों ने उसके हाथ बांधकर जबरदस्ती गाड़ी में डाल दिया और अजय उसकी गाड़ी चलाकर सफीदों की तरफ चल पड़े। जब वह सफीदों नहर पुल के पास पहुंचे तो, अजय ने छात्रा को उतार दिया। उसके बाद अजय व उसका साथी उसे जींद रोड पर हुड्डा में खाली प्लाटों में ले गए और मारपीट की। उन्होंने कहा कि उन पर साढ़े छः लाख रुपये कर्ज है। असिस्टेंट प्रोफेसर ने कहा कि उसका इतना बजट नहीं है, तो अजय ने कहा कि तेरी विडियो है, अगर पैसे नहीं दिए तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद इन लोगों ने उससे एक लाख रुपए ऐंठ लिए। सफीदों शहर थाना पुलिस ने छात्रा और गांव बहादुरगढ़ निवासी अजय व दो अन्य स्टूडेंटों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।