आज सुबह अंबाला पुलिस जवानों ने 4 किलोमीटर की दौड़ लगाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का पैगाम दिया। अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन से शुरू हुई मैराथन को SP जशनदीप सिंह रंधावा ने हरी झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने ASP, DSP, SHO समेत सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशेड़ियों और सप्लायरों के खिलाफ निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करने की शपथ भी दिलाई।
वर्ष 2022 में सवा 3 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच
अंबाला पुलिस ने 4 नशा कारोबारियों की वर्ष 2022 में करीब सवा 3 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी अटैच की। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2021 में NDPS एक्ट के तहत 42 केस दर्ज करके 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि वर्ष 2022 में 57 मुकदमे दर्ज करके 71 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पिछले 6 माह में 1.5 किलो से अधिक स्मैक, 6.5 किलो से ज्यादा गांजा, 6 किलो 664 ग्राम अफीम समेत अन्य नशीली सामग्री बरामद की है।
यहां-यहां से होकर निकली मैराथन
मैराथन में DSP, SHO समेत 400 से अधिक महिला व पुरुष जवानों ने 4 किलोमीटर की दौड़ लगाई। मैराथन पुलिस लाइन से शुरू हुई। यहां से हर्बल पार्क, सेंट्रल जेल, सेशन कोर्ट और आर्य चौक से होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची। इस मौके पर DSP रामकुमार, राजकुमार, जोगिंद्र सिंह समेत सभी 400 से अधिक इंस्पेक्टर, एसआई समेत पुलिस जवान उपस्थित रहे।
नशे तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
SP जशनदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने मैराथन का आयोजन करके लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया है। साथ ही पुलिस जवानों को भी प्रेरित किया है। अंबाला पुलिस नशे के धंधे में संलिप्त तस्करों पर सख्ती बरत रही है। अंबाला पुलिस नशे को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी बड़ी कार्रवाई करेगी।
.
सिविल सर्जन ने मेडिकल स्टाफ व पैरामेडिकल स्टाफ के अधिकारियों की ली बैठक