गांव कालवा में फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर हुई किसान गोष्ठी

132
Advertisement
एस• के• मित्तल   
सफीदों,    फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर उपमंडल के गांव कालवा में चंबल फर्टिलाइजर और रूट्स फाऊंडेशन द्वारा किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्टी में किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गोष्ठी में प्रोजेक्ट हेड भूप सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट भूमि के तहत 4 जिलों में 120 गांव के 35000 किसानों और 70000 एकड़ भूमि को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
प्रोजेक्ट भूमि के तहत फसल विविधीकरण और सतत कृषि की तरफ भी काम किया जाएगा। इस अभियान का लक्ष्य उचित फसल अवशेष प्रबंधन करना है। उन्होंने प्रबंधन में उपयोग होने वाले आधुनिक कृषि उपकरणों के इस्तेमाल जैसे हैप्पी सीडर, मलचर, रोटावेटर, हे-रैक तथा बेलर इत्यादि के बारे में विस्तारपूर्वक बताया कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को अपनाकर इसे प्रदूषण रहित और लाभकारी कृषि बनाया जा सकता है और इस अभियान से ना केवल किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन मे सहायता मिलेगी बल्कि मिट्टी की उर्वरता और फसल उपज मे भी सुधार होगा जिससे किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।
इस कार्यक्रम में एडीओ रविंद्र रेडू ने विभाग की फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर स्कीमों की जानकारियां दी और एचडीओ अभिषेक शिमर ने बागवानी संबंधी फसलों व सब्सिडीज की जानकारी दी। मत्स्य पालन विभाग से एफओ देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि किसान कैसे खेती के साथ-साथ मछली पालन करके अपनी आय को बढ़ा सकते हैं। संस्था के जिला संयोजक साहिल शर्मा ने किसानों को मिट्टी जांच की महत्तवता बताई। इस मौके पर किसानों ने पराली ना जलाने की शपथ भी ली। इस मौके पर महेंद्र गौरा, नसीब, अजय, नरेंद्र, सोमबीर व संजीव मौजूद थे।
Advertisement