RRR Box Office: ‘केजीएफ 2’ की रिलीज से पहले राजामौली की फिल्म ने कर ली इतनी कमाई, जानें- नेट कलेक्शन

नई दिल्ली, जेएनएन। एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार तीसरे हफ्ते में काफी धीमी हो गयी है। वीकेंड के बाद फिल्म के कलेक्शंस में लगातार गिरावट आ रही है और अब गुरुवार से आरआरआर के सामने केजीएफ चैप्टर 2 की बड़ी चुनौती आ जाएगी, जो पैन-इंडिया रिलीज हो रही है और फिल्म को लेकर हिंदी बॉक्स ऑफिस पर भी काफी हाइप है।

अगर तीसरे हफ्ते में आरआरआर के कलेक्शंस की बात करें तो रविवार को छोड़कर फिल्म के कलेक्शंस हर दिन सिंगल डिजिट में ही बने हुए हैं। तीसरे शुक्रवार (8 अप्रैल) को आरआरआर ने 5 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद शनिवार को 7.50 करोड़ और रविवार को 10.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, सोमवार को फिल्म ने 3.50 करोड़ और मंगलवार को 3 करोड़ जमा किये हैं। इसके साथ आरआरआर का 19 दिनों का नेट कलेक्शन 238.09 करोड़ हो चुका है।

अब 250 करोड़ के लिए आरआरआर को सिर्फ 12 करोड़ और चाहिए, जो चौथे वीकेंड तक मिलने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, गुरुवार से आरआरआर का सफर आसान नहीं होगा, क्योंकि कन्नड़ सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 रिलीज हो रही है। यह इस साल की उन फिल्मों में शामिल है, जो पैन इंडिया रिलीज हो रही हैं और जिनको लेकर ट्रेड में भी काफी हाइप है। हिंदी बेल्ट में भी केजीएफ 2 बड़े स्तर पर रिलीज हो रही है।

आरआरआर 25 मार्च को तेलुगु के अलावा तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन शुरुआत लेते हुए 20 करोड़ का ओपनिंग कलेक्शन किया था। फिल्म ने रिलीज के पांच दिनों में ही 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था, वहीं पहले हफ्ते में फिल्म ने 132 करोड़ जमा कर लिये थे। दूसरे वीकेंड के बाद फिल्म के कलेक्शंस में काफी गिरावट आयी और कलेक्शंस सिंगल डिजिट में पहुंच गये थे। फिल्म को 200 करोड़ का पड़ाव पार करने में भी 13 दिन लगे थे। वर्ल्डवाइड कलेक्शंस के मामले में आरआरआर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और सभी भाषाओं में ग्रॉस कलेक्शन 1000 करोड़ के पार पहुंच गया है।

भगवान श्रीराम भारत की आत्मा है: अरविंद शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *