KGF Chapter 2: रिलीज से पहले 100 फुट की ऊंचाई पर पहुंची यश के लिए दीवानगी, फैंस ने किया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का दावा

नई दिल्ली, जेएनएन। कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश की तगड़ी फैन फॉलोइंग है और जब उनकी फिल्म रिलीज होने वाली होती है तो फैंस की दीवानगी तस्वीरों और वीडियो के जरिए सामने आती है। गुरुवार को यश की फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 रिलीज हो रही है और फैंस इस रिलीज का जश्न पहले ही मना रहे हैं। सोशल मीडिया में फैंस की दीवानगी की कई तस्वीरें मौजूद हैं। वहीं, सिनेमाघर भी केजीएफ 2 की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं।

प्रशांत नील निर्देशित फिल्म 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। केजीएफ 2 कन्नड़ के साथ हिंदी और अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में बड़े पैमाने पर रिलीज की जा रही है। इसका जश्न भी सिनेमाघरों अभी से देखने को मिल रहा है। फरहान अख्तर की कम्पनी एक्सेल एंटरटेनमेंट फिल्म को हिंदी क्षेत्रों में रिलीज कर रही है। एक्सेल ने कार्निवाल सिनेमा हाल का वीडियो शेयर किया है, जिसमें दावा किया गया है कि सिनेमा हाल के बाहर यश का 100 फुट का कटआउट लगाया गया है। इस वीडियो के साथ लिखा गया है- सुल्तान नई ऊंचाइयों तक पहुंचता रहता है। इस बार 100 फुट है।

वहीं, एक अन्य वीडियो यश के फैंस ने सोशल मीडिया में शेयर किया है, जिसमें उनके फैंस ने रंगीन कागज के टुकड़ों की मदद से उनका विशालकाय पोर्ट्रेट बनाया है। फैंस ने दावा किया है कि उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। इस वीडियो के साथ लिखा गया है- हमने 120 बाई 170 फुट की योजना बनायी थी, मगर यह हमारी उम्मीदों को पार कर चुका है। हमें इसे 135 बाई 190 फुट तक फैलाना पड़ा, जो 25,650 फुट को कवर करता है। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इस वीडियो यश ने रीट्वीट किया है और लिखा- फैंस की मेरी फैमिली मेरी ताकत है। आपका प्यार और सपोर्ट मेरी ताकत है। दुनिया हमारी है।

 

केजीएफ चैप्टर 2 यानी कोलार गोल्ड फील्ड्स एक पीरियड फिल्म है, जिसकी कहानी सत्तर के दौर में स्थापित है। फिल्म में यश ने गोल्ड फील्ड में काम करने वाले एक मजदूर का किरदार निभाया है, जो अपनी हिम्मत और जूझने के जज्बे के आधार पर कोलार गोल्ड फील्ड्स पर राज करने लगता है। फिल्म में संजय दत्त अधीरा के किरदार में नजर आएंगे। रॉकी भाई बने यश के साथ उनकी टक्कर केजीएफ 2 के हाइलाइट्स में से एक है। रवीना टंडन फिल्म में पीएम के रोल में दिखेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *