नपा सचिव से हाथापाई का मामला गरमाया, पुलिस जांच में जुटी

5

अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई से नाराज युवकों पर आरोप 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर पालिका सफीदों सचिव के साथ तीन युवकों द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की और हाथापाई किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका के सचिव आशीष कुमार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान शहर के दो से तीन युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई। इतना ही नहीं, युवकों द्वारा सचिव के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया। घटना के तुरंत बाद नपा सचिव ने शहर थाना सफीदों में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद पुराना बस स्टैंड के समीप एक गली में हाल ही में हटाए गए अवैध कब्जों से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि नगर पालिका की टीम दो-तीन दिन पहले उक्त क्षेत्र में अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई करने गई थी, जिससे कुछ लोग नाराज थे। इसी नाराजगी के चलते युवकों द्वारा इस घटना को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले की गहनता से जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है। इस मामले में पालिका सचिव आशीष कुमार से प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने टिप्पणी करने से दूरी बना ली। इस संबंध में शहर थाना सफीदों के एएसआई सुभाष ने बताया कि नपा सचिव की ओर से हाथापाई और अभद्र भाषा के इस्तेमाल की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच जारी है।