सफीदों, (एस• के• मित्तल) : समाज के हर वर्ग को नशे के खिलाफ अभियान चलाने की जरूरत है। यह बात सूबे के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने कही। वे नगर के आर्य सदन में कार्यकत्र्ताओं की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर कार्यकत्र्ताओं ने बचन सिंह आर्य का जोरदार अभिनंदन किया। अपने संबोधन में बचन सिंह आर्य ने कहा कि नशे की बढ़ती लत समाज के हर वर्ग के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। शराब, ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों की गिरफ्त में आकर युवा वर्ग न केवल अपने करियर का नुकसान कर रहा है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित कर रहा है। यही वजह है कि अब समाज के हर वर्ग को मिलकर नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस हो रही है। हालांकि नशे को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार व पुलिस तत्परता से लगी हुई है लेकिन इस समस्या को केवल कानून और पुलिस की सख्ती से खत्म नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है। स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना, माता-पिता को अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देना और युवाओं को सही दिशा दिखाना आज की जरूरत है। धार्मिक व सामाजिक संगठन भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा क नशा केवल व्यक्ति को कमजोर नहीं करता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक ताने-बाने को भी प्रभावित करता है। अपराध की बढ़ती घटनाओं के पीछे भी अक्सर नशे की लत एक बड़ी वजह बनकर सामने आती है।समाज को यदि सुरक्षित और प्रगतिशील बनाना है तो हर नागरिक को यह जिम्मेदारी उठानी होगी।
Advertisement
Advertisement






