संत रविदास जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा
नगर के अनेक स्थानों पर हुआ यात्रा का भव्य स्वागत
![](https://safidonbreakingnews.com/wp-content/uploads/2025/02/12SFDM3-scaled.jpg)
सफीदों (एस• के• मित्तल) : गुरु रविदास सभा सफीदों के तत्वावधान में बुधवार को नगर में संत रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का संयोजन सभा के प्रधान मुकेश कुमार ने किया। इस शोभायात्रा में संत रविदास की विशेष रूप से पालकी सजाई गई। पालकी के आगे-आगे श्रद्धालुगण साफ-सफाई करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में युवा संत रविदास की जय के गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान समाज के लोगों ने संत रविदास की आरती की तथा प्रसाद वितरण किया। यह शोभायात्रा सफीदों शहर से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए प्रारंभ स्थल पर आकर संपन्न हो गई। जहां-जहां यह यात्रा निकली, लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया तथा जलपान का आयोजन किया। वहीं नगर की पुरानी अनाज मंडी व आदर्श कालोनी में रविदास सभा द्वारा हवन व भंडारे का आयोजन किया गया। समाज के लोगों ने हवन में आहुति डालकर समाज की सुख-शांति की कामना की। वहीं भंडारे में सैंकड़ोंं लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी संत शिरोमणी रविदास जयंती की धूम रही। गांव मुआना, सिंघाना, रत्ताखेड़ा, हाट, धर्मगढ़, छाप्पर सहित अनेक गांवों में भंडारों का आयोजन किया गया। वहीं रात्रि में महिलाओं के द्वारा सत्संग के माध्यम से गुरू रविदास की वाणी का गुणगान किया गया।