नई दिल्ली, (एस• के• मित्तल) 19 फरवरी 2025: मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ में जन्मी और शालीमार बाग दिल्ली की विधायक रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। दिल्ली में हुई बैठक में विधायक प्रवेश वर्मा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और इस नाम पर विधायकों ने अपनी सहमति प्रकट की। यह उनके पार्टी के प्रति संघर्ष और समर्पण के ईनाम स्वरूप देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सक्रिय कार्यकर्ता रहीं रेखा गुप्ता ने अपना राजनीतिक करियर छात्र संघ से शुरू किया था और पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। 1994 में दौलत राम कॉलेज के छात्र संघ की सेक्रेटरी बनने के बाद से उन्होंने राजनीति में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्षता, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव और महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद बनने के बाद, वह दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भी रहीं। हालांकि, दिल्ली विधानसभा चुनाव में 2015 और 2020 में रेखा गुप्ता को आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2025 में उन्होंने एक मजबूत वापसी करते हुए बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया और दिल्ली की मुख्यमंत्री बन रही हैं। अब, यह देखना दिलचस्प होगा कि रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से दिल्ली के विकास में क्या बदलाव लाती हैं।
यह भी देखें :-
https://www.youtube.com/live/8hg-SQC1ALg?si=nARRQtegoHQZCPeV