राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने रचा इतिहास: विधायक सुभाष गांगोली

विधायक सुभाष गांगोली ने अंटा मोड से किया कार्यकर्ताओं को रवाना

एस• के• मित्तल 
सफीदों,        राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने देश में एक इतिहास रचने का काम किया है। यह बात सफीदों विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेसी विधायक सुभाष गांगोली ने कही। वे उपमंडल के गांव अंटा मोड़ से पानीपत में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर विधायक सुभाष गांगोली ने झंडी दिखाकर कार्यकत्र्ताओं को पानीपत पहुंची राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आयोजित रैली के लिए रवाना किया।
अपने संबोधन में विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जहां देश में नफरत फैलाने व लोगों का डराने का काम कर रहे हैं वहीं भारत जोड़ो यात्रा देश में व्याप्त डर और नफरत को खत्म कर रही है। राहुल गांधी की यात्रा को देश के एक बड़े तबके का समर्थन हुआ है तथा लाखों की तादाद में लोगों ने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदमताल की है। भारत जोड़ो यात्रा का सबसे जरूरी लक्ष्य लोगों को डर और नफरत के खिलाफ खड़ा करना है। विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। राहुल गांधी को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। यात्रा को सफल बनाने में किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी सब सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और सांप्रदायिक विद्वेष के खिलाफ जनता की बगावत का शंखनाद करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी और 3570 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए श्रीनगर में समाप्त होगी। देश के पिछले 75 वर्षों के इतिहास में ऐसी यात्रा किसी राजनीतिक दल ने नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *