महान देशभक्तों के त्याग और बलिदान स्वरूप मिली आजादी: विधायक महिपाल ढांडा

सफीदों के रामलीला ग्राउंड में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह
पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा ने तिरंगा फहराकर ली परेड की सलामी
स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से बांधा समां

एस• के• मित्तल   
सफीदों,            सफीदों के रामलीला ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा ने बतौर मुख्यातिथि तिंरगा झंडा फहराकर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में पहुंचने पर एसडीएम सत्यवान मान ने मेहमानों का स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्यातिथि महिपाल ढांडा ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन  हर भारतवासी के लिए हर्षोल्लास का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले, हर घर, हर दफ्तर, हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है और पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंगा हुआ है।
आज हमने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने स्वतंत्रता की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति सबसे पहले अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी, जिसमें प्रदेश का हर गांव क्रांति का केंद्र बन गया था। भिवानी का रोहणात गांव, हांसी की लाल सड़क, झज्जर की लाल डिग्गी, महम का आजाद चौक और नसीबपुर व तावडू की लड़ाई अंग्रेजी हुकूमत के जुल्मों-सितम के खिलाफ हरियाणा वासियों के संघर्ष और बलिदान के साक्षी हैं। जो कौम अपने सेनानियों और शहीदों को याद नहीं रखतीं, वो कभी तरक्की का रास्ता नहीं चल सकती।
इसी उद्देश्य से सन् 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृतियों को सहेजने के लिए अम्बाला छावनी में शहीदी स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। हरियाणा की माटी के लाल राव तुलाराम ने जिला महेन्द्रगढ़ के नसीबपुर में अंगे्रजों का डटकर मुकाबला किया था। उनकी याद में वहां जल्द ही एक स्मारक बनाया जाएगा। देश की सेना में हर 10वां जवान हरियाणा विशेषकर दक्षिणी हरियाणा से है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। देशभर में ‘हर घर में तिरंगा’ की अनूठी मुहिम चलाई है। हरियाणा वासियों ने भी उसी जोश और जज्बे के साथ अपने 60 लाख घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। हरियाणा में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने के लिए अब तक 10 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और हम यह महोत्सव मनाने में देशभर में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय गरीब परिवार उत्थान योजना, ग्राम दर्शन पोर्टल, मुख्यमंत्री परिवार स्मृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वामित्व योजना, सोयल हेल्थ कार्ड, कौशल विकास, मुद्रा लोन, ई रूपी, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, डायल 112, ई-संजीवनी ओपीडी, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, परिवार पहचान पत्र, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना, लाड़ली सामाजिक सुरक्षा भत्ता, म्हारा गांव जगमग गांव, भावांतर भरपाई योजना, हर हित रिटेल स्टोर, आदि अनेक योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं,
जिनका नागरिकों को पूरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सफीदो क्षेत्रवासी भारत को दुनिया की महाशक्ति बनाने में सदाचार, ईमानदारी तथा नैतिकता से देश के नवनिर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें, ताकि हमारा देश व हरियाणा आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों की वीरांगनाओं को शाल भेंटकर सम्मान किया। वहीं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया।
बॉक्स:
समारोह में देशभक्ति कार्यक्रमों की रही धूम
समारोह में क्षेत्र की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने योगा, लेजियम, डंबल आदि विधाओं का शानदार प्रदर्शन किया। जबकि  हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, आठवीं एनसीसी बटालियन हरियाणा और कॉलेज की एनसीसी कैडिटों की टुकड़ी ने परेड कर मार्च पास्ट किया।
इस अवसर पर डीएसपी मुकेश कुमार, डीएसपी आशीष कुमार, पालिका अध्यक्ष अनीता अधलखा, बीईओ दलवीर मलिक, मार्किट कमेटी सेक्टरी जगजीत कादियान, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय बिट्टा, पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गण्यमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *