मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए हत्या के आरोप
पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ किया मामला दर्ज

सफीदों, एस• के• मित्तल : उपमंडल के गांव साहनपुर में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है। वहीं मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान अन्नू (27) के रूप में हुई है। घटना का जैसे ही पता चला तो गांव में हडकंप मच गया। मामले की जानकारी सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत्तकों के पिता रामफल की शिकायत पर पति विनोद, ससुर पिरथी व सास सुनहरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत मृत्तका अन्नू के पिता रामफल निवासी समालखा ने कहा कि उसकी लड़की अन्नु की शादी 7 फरवरी 2018 को गांव साहनपुर निवासी विनोद कुमार के साथ हुई थी। शादी में उसने अपनी लड़की अन्नु को अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था।

शादी के करीब तीन महीने के बाद उसकी लड़की अन्नु को उसका दामाद विनोद कुमार, सास सुनहरी व ससुर पिरथी दहेज कम लाने को लेकर ताने मारने लगे, लड़ाई-झगड़ा करने लगे तथा उसे अन्य तरीकों से परेशान करने लग गए थे। शादी के बाद उसकी लड़की अन्नु को एक 5 साल की लड़की व एक दो साल का बेटा है। उसकी लड़की अपना घर बसाना चाहती थी। मेरी लड़की अन्नु गर्भवती अवस्था में हमारे घर पर आ गई थी। डिलिवरी होने पर उसे लड़का पैदा हुआ। उसने 20 हजार रूपए दामाद की मांग पर विनोद कुमार को दिए। उसके बाद उसकी लड़की अन्नु ने उसे कहा कि घर में दूध नहीं है। वह दूध बेचकर अपना व अपने परिवार को गुजारा कर लेगी। उसने अपनी लड़की की बात मानकर पिछले साल 50 हजार रूपए दामाद विनोद कुमार को नकद गाय खरीदने के लिए दिए थे। फिर भी उसका दामाद व उसके माता-पिता हर रोज छोटी-छोटी बातों के ताने देकर उसकी लड़की को परेशान करते थे। 1 जनवरी को उसके दामाद विनोद कुमार का उसके पास फोन आया कि वह बिना मोटर साईकिल के परेशान है और उसे ड्यूटी पर आने-जाने में परेशानी होती है। उसे मोटरसाईकिल खरीदने के लिए 50 हजार रूपए चाहिए। जिस पर उसने पैसे देने से इंकार करते हुए कहा कि वह गरीब आदमी है और उसकी इतनी हैसयत नहीं है कि वह उसे 50 हजार रूपए दे दे। उसके बाद उसकी लड़की ने उसे दोबारा फोन करके कहा कि पापा विनोद को मोटर साईकिल के पैसे दे दो, वह उसके साथ पैसों के लिए झगड़ा कर रहा है। उसकी लड़की अन्नु को उसके दामाद विनोद कुमार, ससुर पिरथी व सास सुनहरी ने दहेज को लेकर परेशान करते हुए उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर मार दिया।

उसके बाद अन्नू को सफीदों के एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां से उसे पीजीआई खानपुर रैफर दिया गया। अन्नु को पीजीआई खानपुर लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसके बाद अन्नू की लाश को सफीदों के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति, सास व ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।