कुलदीप बिश्रोई के आने से संगठन को मिलेगा भारी फायदा: बचन सिंह आर्य

कहा: बिश्रोई को भाजपा में शामिल करवाना सीएम मनोहर लाल की गहरी सोच

एस• के • मित्तल   
सफीदों,        सूबे के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्रोई के भारतीय जनता पार्टी में आने से संगठन को भारी फायदा होगा। कुलदीप बिश्रोई को पार्टी में शामिल करवाना सीएम मनोहर लाल व भाजपा की गहरी सोच का परिणाम है। यह बात सफीदों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्रोई इस प्रदेश में एक लंबा राजनीतिक तजुर्बा रखते हंै। वे हरियाणा की सियासी नब्ज को पूरी नजदीकी से जानते हैं।
उनके पिता स्व. भजनलाल हरियाणा प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रहे हैं तथा वे प्रदेश की राजनीति में एक बड़े हस्ताक्षर थे। कुलदीप बिश्रोई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की स्वच्छ छवि व कार्यशैली से प्रभावित होकर बिल्कुल ठीक समय पर उचित फैसला लिया है। बिश्रोई राष्ट्र सोच के तहत भाजपा के झंडे तले राजनीति की मुख्यधारा में शामिल हुए हैं। कुलदीप बिश्रोई का प्रदेश ही नहीं बल्कि अनेक राज्यों में एक बड़ा राजनीतिक व सामाजिक वजूद है। इस वजूद का संगठन को देश व प्रदेश में बहुत लाभ प्राप्त होगा।
बचन सिंह आर्य ने बताया कि राष्ट्र सोच व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की साफ-सुथरी सोच को देखते हुए वे भी पिछले 3 साल पहले भाजपा में शामिल हो गए थे और उन्हे संगठन में पूरा मान-सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि उन्हे भी पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल मंत्रीमंडल में काम करने का मौका मिला था। चौ. भजनलाल की दरियादिली का ही परिणाम था कि उन्हे उस मंत्रीमंडल में बतौर वजीर 5-5 विभागों का चार्ज दिया गया था।
उन्होंने कहा कि भाजपा की देश और प्रदेश में एकतरफ लहर चल रही है। लोगों का रुझान भाजपा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पक्ष में है। ये भाजपा सरकार की नीतियों का ही नतीजा है कि दूसरे दलों के बड़े-बड़े नेता संगठन से जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में देश-प्रदेश निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!